श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को शनिवार को इंग्लैंड के हाथों पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में 56 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। इसी के साथ टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 इंटरनेशनल टीम रैंकिंग में नंबर-1 का ताज गंवा दिया।इंग्लैंड अब नई नंबर-1 टी20 इंटरनेशनल टीम बन गई है। बता दें कि साउथैम्प्टन में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 257 रन बनाए। यह टी20 इंटरनेशनल प्रारूप में उसका तीसरा सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर रहा। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 201 रन बना सकी।
टीम इंडिया ने लगातार दूसरी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में क्लीन स्वीप झेला। आयरलैंड के हाथों 0-2 से शिकस्त सहने के बाद भारत को इंग्लैंड से 0-4 से पटखनी मिली। भारतीय टीम ताजा आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में एक स्थान के नुकसान के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गई है।
यह पहले ही तय था कि अगर भारत पांचवां टी20 इंटरनेशनल मैच हारा तो उससे नंबर-1 का ताज छिन जाएगा। इंग्लैंड के सामने भारत पस्त नजर आया और हार के साथ उसके सिर से नंबर-1 का ताज हट गया। अब इंग्लैंड नया नंबर-1 बन गया है। इंग्लैंड के 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 268 रेटिंग हैं। भारत के 58 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 268 रेटिंग हैं।
ऑस्ट्रेलिया 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 260 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका क्रमश: चौथे व पांचवें स्थान पर जमे हुए हैं। बता दें कि भारत और इंग्लैंड के स्थानों में बदलाव हुआ है जबकि टॉप-10 टीम रैंकिंग में अन्य कोई परिवर्तन नहीं हुआ।

भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर पहली जीत को तरस गए हैं। 2026 टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारतीय टीम का बुरा हाल है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक जीत का स्वाद नहीं चख सकी है। भारत अब अपनी अगली टी20 इंटरनेशनल सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा। देखना दिलचस्प होगा कि टीम जीत की राह पर लौटने में कामयाब हो पाएगी या नहीं।

