क्रिकेट के मैदान पर आपने कई बार बल्लेबाजों को गेंदबाजों पर हावी होते देखा होगा, लेकिन इंग्लैंड की एक स्थानीय टी20 क्रिकेट लीग के ऑफिशियल मैच में बल्लेबाजी का ऐसा खूंखार और अमानवीय रूप देखने को मिला, जिसने क्रिकेट के इतिहास को ही पूरी तरह से पलट कर रख दिया। डंबलटन क्रिकेट क्लब (Dumbleton CC) की तरफ से खेलते हुए स्टार बल्लेबाज इवान गेग ने विरोधी गेंदबाजों को किसी खिलौने की तरह इस्तेमाल किया और मैदान के चारों कोनों में बाउंड्री की ऐसी झड़ी लगाई कि नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया।
इवान गेग की हैरतअंगेज डबल सेंचुरी
इस मुकाबले में डंबलटन क्लब के ओपनर इवान गेग ने क्रीज पर उतरते ही तबाही मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने मात्र 55 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 206 रनों की ऐसी अविश्वसनीय पारी खेली, जिसकी कल्पना शायद वीडियो गेम में भी नहीं की जा सकती। इवान ने सिर्फ 30 गेंदों में तूफानी अंदाज में अपना शतक पूरा किया. इवान यहीं नहीं रुके बल्कि शतक लगाने के बाद उनका बल्ला और भी ज्यादा हिंसक हो गया। उन्होंने अगली महज 24 गेंदों में 100 से 200 रनों का सफर तय कर अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया। अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान इवान गेग ने 23 गगनचुंबी छक्के और 13 चौके जड़े, जिसने हैथर्ली एंड रेडिंग्स सीसी (Hatherley & Reddings CC) के गेंदबाजों के हौसले पूरी तरह पस्त कर दिए।
20 ओवर में बने 417 रन और 47 छक्के
इवान गेग के इस महाविस्फोट और उनके साथी बल्लेबाजों के दमदार योगदान के दम पर डंबलटन क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 417 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। इस पारी के दौरान बल्लेबाजों ने 20.85 की रन रेट से रन कूटे, जो अपने आप में एक अजूबा है।
पूरी पारी के दौरान डंबलटन के बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 69 बाउंड्रीज लगाईं, जिसमें 22 चौके और रिकॉर्डतोड़ 47 छक्के शामिल थे।
इवान के अलावा डैन हॉलैंड ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए मात्र 37 गेंदों में 122 रनों की ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली, जबकि थॉमस केली ने 25 गेंदों में 64 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। डंबलटन क्लब के अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि 417 रन का यह स्कोर पुरुष क्लब क्रिकेट लीग के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टी20 स्कोर है।
दोनों पारियों को मिलाकर बने कुल 646 रन
418 रनों के एवरेस्ट जैसे नामुमकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैथर्ली एंड रेडिंग्स की टीम ने भी मैदान पर घुटने नहीं टेके। उन्होंने डंबलटन के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और अपनी पारी में शानदार पलटवार करते हुए 229 रन बोर्ड पर टांग दिए। हालांकि, वे यह मुकाबला 188 रनों के विशाल अंतर से हार गए, लेकिन उनके इस जुझारू जज्बे की बदौलत क्रिकेट फैंस को एक ऐतिहासिक मैच देखने को मिला। महज 39.1 ओवर के इस पूरे खेल में दोनों टीमों की तरफ से कुल 646 रन बने, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

