शाहरूख खान की नाइट राइडर्स बनी MLC की नई चैंम्पियन, नरेन और होल्डर बने फाइनल के हीरो
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने मेजर लीग क्रिकेट 2026 के रोमांचक खिताबी मुकाबले में वाशिंगटन फ्रीडम को महज 1 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 164 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में वाशिंगटन फ्रीडम की टीम अंतिम गेंद तक चले इस सांंस रोक देने वाले मुकाबले में लक्ष्य से एक रन पीछे रह गई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही नाइट राइडर्स ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
नाइट राइडर्स की ओर से पारी की शुरुआत सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो और आंद्रे फ्लेचर ने बेहद ठोस अंदाज में की। दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 66 रनों की मजबूत साझेदारी निभाकर टीम को एक बड़े स्कोर का आधार दिया। मुनरो ने 40 रनों की संयमित पारी खेली, जबकि फ्लेचर ने 47 रनों का आक्रामक योगदान दिया। हालांकि मध्यक्रम के बल्लेबाज इस शुरुआत का पूरी तरह फायदा नहीं उठा सके, लेकिन इन दोनों की बदौलत टीम 164 रनों का लड़ने योग्य स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
लक्ष्य का बचाव करने उतरी नाइट राइडर्स के लिए स्टार ऑलराउंडर सुनील नरेन ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। नरेन ने अपने 4 ओवरों के स्पेल में केवल 13 रन देकर 3 महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं कप्तान जेसन होल्डर ने भी उनका बखूबी साथ निभाते हुए 14वें ओवर में मात्र 4 रन देकर 2 बड़े झटके दिए और कुल 3 विकेट चटकाए। 13वें ओवर तक नरेन के किफायती स्पेल और होल्डर की कसी हुई गेंदबाजी के दम पर ऐसा लग रहा था कि नाइट राइडर्स बेहद आसानी से यह मैच अपने नाम कर लेगी।
मैच के अंतिम क्षणों में ओबस पीनार की आतिशी बल्लेबाजी ने वाशिंगटन फ्रीडम की मुकाबले में वापसी करा दी और खेल को आखिरी ओवर तक ले गए। अंतिम 6 गेंदों में जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी और गेंद शादले वैन शल्कविक के हाथों में थी। पहली गेंद पर छक्का खाकर दबाव में आए शल्कविक ने अगली ही गेंद पर सेट बल्लेबाज पीनार (47 रन) को आउट कर पासा पलट दिया। इसके बाद अगली गेंद पर नए बल्लेबाज हॉलैंड भी कैच आउट हो गए। चौथी गेंद पर फर्ग्यूसन ने चौका जरूर जड़ा, लेकिन अंतिम गेंद पर 3 रनों की जरूरत के वक्त मिलंथा दूसरा रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए और नाइट राइडर्स ने 1 रन से बाजी मार ली।
गेंद से मैच जिताऊ प्रदर्शन करने वाले सुनील नरेन को न सिर्फ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, बल्कि उन्हें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मेजर लीग क्रिकेट 2026 का ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी घोषित किया गया। टीम की इस अविश्वसनीय जीत पर फ्रेंचाइजी के मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सुनील नरेन, जेसन होल्डर और आंद्रे रसेल की तारीफ करते हुए लिखा कि खिलाड़ियों ने साबित कर दिखाया कि वे यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं बल्कि जीतने आए थे।