भारत और इंग्लैंड के बीच साउथहैंप्टन में खेले गए पांचवें टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों से करारी शिकस्त दी है। इसी के साथ इंग्लिश टीम ने सीरीज को 4-0 से अपने नाम कर लिया है। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब तीन से अधिक मैचों की सीरीज में भारत 1 भी मैच नहीं जीता है।
शनिवार, 11 जुलाई को खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो गलत साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भारत के सामने 258 रनों का लक्ष्य रखा। निर्धारित 20 ओवरों में इंग्लिश टीम ने 257/3 बनाए। जोस बटलर ने 64 गेंदों में 12 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी खेली। कप्तान हैरी ब्रुक 45 गेंदों में 4 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 95 रनों पर नाबाद रहे। फिल साल्ट 9 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए थे। जेकब बेथल पहली गेंद पर कैच आउट हो गए। विल जैक्स ने 2 गेंदों में 7 रनों की पारी खेली।
258 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए एक बार फिर भारत की शुरुआत खराब रही और 21 रनों के स्कोर पर अभिषेक शर्मा के रूप में पहला विकेट गिर गया। उन्होंने सिर्फ तीन रनों का योगदान दिया। इसके बाद संजू सैमसन 14 गेंदों में 27 रन बनाकर 55 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 55 रनों की साझेदीरी की लेकिन फिर कप्तान श्रेयस अय्यर 16 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद भारत के एक के बाद एक विकेट गिरते रहे। ईशान किशन ने 35 गेंदों में 56 रनों और तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रनों की अर्धशतकीय पारी जरूर खेली लेकिन भारत को जीत नहीं दिला सके। शिवम दुबे 14, शेडगे 7, अक्षर पटेल 3, अर्शदीप सिंह 4 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 रन बनाए। भारत निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सका और 56 रनों से मुकाबला हार गया।

