150 साल के क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, वेस्टइंडीज-पाकिस्तान टेस्ट में बना ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेला गया पहला टेस्ट मुकाबला क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है. तारौबा के मैदान पर तेज गेंदबाजों का ऐसा खौफ देखने को मिला कि मैच के सभी 40 विकेट पेसर्स ने झटके. कैरेबियाई धरती पर 149 साल के टेस्ट इतिहास में यह पहला मौका है जब स्पिनरों को एक भी सफलता नहीं मिली. पूरे मुकाबले में पूरी तरह से पेस अटैक का ही दबदबा देखने को मिला.
पिच से तेज गेंदबाजों को मिली जबर्दस्त मदद
तारौबा की पिच पर रफ्तार, स्विंग और कसी हुई लाइन-लेंथ का गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया. दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर बल्लेबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. इस पिच पर स्पिनरों को गेंदबाजी का मौका तो जरूर मिला, लेकिन वे एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके.
जेडेन सील्स, जास्टिन ग्रीव्स और अब्बास का चला जादू
वेस्टइंडीज की ओर से युवा गेंदबाज जेडेन सील्स और जास्टिन ग्रीव्स ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. ग्रीव्स ने पाकिस्तान की पहली पारी में महज 27 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. वहीं पाकिस्तान के अनुभवी पेसर मोहम्मद अब्बास ने दूसरी पारी में 22 रन देकर 5 कैरेबियाई बल्लेबाजों को आउट किया.
जेडेन सील्स ने तोड़ी पाकिस्तान की कमर
मैच की चौथी और अंतिम पारी में वेस्टइंडीज के जेडेन सील्स ने तूफानी स्पेल डाला. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ महज 18 रन देकर 5 विकेट चटकाए. सील्स की इस घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई.
जास्टिन ग्रीव्स ने बनाया 10 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस मैच में वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने एक ऐतिहासिक और अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने किसी टेस्ट मैच में लगातार 5 ओवर मेडन फेंके और हर ओवर में एक-एक विकेट चटकाया. वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2016 में लगातार 4 मेडन ओवर में 4 विकेट लिए थे, जिसे ग्रीव्स ने 10 साल बाद तोड़ दिया.
पाकिस्तान की एक और शर्मनाक हार
पेसर्स के इस ऐतिहासिक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूरी पाकिस्तानी टीम दूसरी पारी में महज 120 रनों पर सिमट गई. क्रिकेट के लंबे इतिहास में किसी टेस्ट मैच के सभी 40 विकेट पेसर्स के खाते में जाना एक बेहद दुर्लभ कारनामा है.